जालौन
गल्ला मंडी के सामने दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायल
गलत दिशा से आई बोलेरो बनी हादसे की वजह, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। हाईवे पर गल्ला मंडी के सामने बुधवार को दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में झांसी से उन्नाव जा रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू है, लेकिन इसके बावजूद कई वाहन चालक जल्दबाजी में नियमों का उल्लंघन कर देते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अर्टिगा कार (संख्या यूपी 78 ईके 8384) उरई की ओर से आ रही थी, तभी बोलेरो (संख्या यूपी 77 एएच 1843) गलत दिशा से उसी मार्ग पर आ गई, जिससे दोनों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। बताया गया कि बोलेरो सवारों को मामूली चोट आई और वे वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि अर्टिगा में सवार दो युवक बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। घायलों की पहचान अभय मिश्रा पुत्र ओमप्रकाश मिश्रा और विशाल तिवारी पुत्र पंकज तिवारी निवासी शुक्लागंज (उन्नाव) के रूप में हुई है, जो झांसी से अपने घर लौट रहे थे। मौके पर मौजूद डॉक्टर शेख शहरयार के अनुसार, दोनों युवकों के पैर टूट गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
रेफर के बाद अस्पताल में तड़पते रहे घायल
हादसे के बाद दोनों घायलों को डायल 112 द्वारा सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि इस प्रक्रिया में लगभग एक घंटे का समय लग गया, जिससे उचित इलाज में देरी हुई और घायल दर्द से तड़पते रहे। डॉक्टरों का कहना है कि उन्होंने समय से पुलिस को सूचना दे दी थी।
