जालौन
खेत में आग का कहर: सिंचाई कर रहे किसान के 15 पाइप जलकर राख
सुढार बंबा के पास अज्ञात कारणों से भड़की भीषण आग, खेतों में मची अफरा-तफरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। जालौन-बागरा मार्ग स्थित सुढार बंबा के पास उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत में अचानक भीषण आग भड़क उठी और देखते ही देखते मूंग की फसल की सिंचाई के लिए डाले गए 15 पाइप जलकर राख हो गए। आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के किसानों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान हेमंत साहू अपने खेत में मूंग की फसल की सिंचाई कर रहा था। उसने पास की प्रणाली से पाइप डालकर खेत में पानी लगाया था। इसी दौरान वह खाना खाने के लिए घर चला गया। जब वापस लौटा तो खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख उसके होश उड़ गए।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर UP-112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
पीड़ित किसान ने बताया कि आग में जले सभी पाइप मजदूरी/किराये पर लाए गए थे, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है। किसान आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच और नुकसान के आकलन की मांग कर रहे हैं।
