बरेली
आवारा कुत्तों ने किया हमला, अनियंत्रित हुई बाइक से गिरकर रिटायर्ड शिक्षिका की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। कर्मचारी नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक से 65 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका मंजू सक्सेना सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गईं। आनन-फानन उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना ने शहर में आवारा कुत्तों के आतंक और नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंजू सक्सेना हाल ही में बेसिक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुई थीं। बुधवार अपने बेटे शानू के साथ बाइक से कर्मचारी नगर स्थित केसर वाटिका में अपने दामाद शुभम सक्सेना के घर जा रही थीं। उन्हें वहां से दिल्ली के लिए रवाना होना था। बताया गया कि जैसे ही बाइक ऑफिसर्स एन्क्लेव विस्तार कॉलोनी में राहुल प्रोविजन स्टोर के पास पहुंची, कुत्तों का झुंड बाइक के पीछे दौड़ पड़ा। अचानक हुए इस हमले से घबराकर मंजू सक्सेना का संतुलन बिगड़ गया। वह बाइक से सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं।
नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल
इस घटना से शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर स्थिति साफ हुई है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पुलिस के पास इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि उन्हें अभी तक मामले की जानकारी नहीं मिली है। सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, लोगों ने नगर निगम की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई है।



