बालाघाट
17 मई को महान् तपस्वी महायोगी श्री दादागुरू जी का श्री विष्णुधाम हीरापुर आगमन
महा धर्मसभा और महासंकल्प पद यात्रा में होंगे शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : मां नर्मदा के भाव से प्रेरित धर्म जागरण महाअभियान के तहत सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर भरवेली में १७ मई को महा धर्मसभा व महासंकल्प यात्रा का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादागुरू जी का आगमन हो रहा है। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां की जा रही है। इस संबंध में आयोजन समिति के पदाधिकारी किरण भाई त्रिवेदी ने बताया कि श्री विष्णुधाम हीरापुर में विश्व की २०५ फीट ऊंची दिव्य श्री हनुमान प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण किया जा रहा है। इस संकल्प को पूर्ण करने एक नई आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के लिए अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरू का विष्णुधाम मंदिर हीरापुर आगमन हो रहा है। ये श्री दादागुरू का बालाघाट जिले में प्रथम आगमन होगा। उन्होंने बताया कि १७ मई को शाम ४ बजे से महासंकल्प यात्रा विश्वकर्मा मंदिर आंवलाझरी से प्रारंभ होगी व शाम ७ बजे से रात ८ बजे तक विष्णुधाम मंदिर हीरापुर में संत प्रवचन व सनातर जागरण का संदेश होगा। जिसका उद्देश्य सनातन धर्म के प्रति जन जागरण, राम भक्ति व हनुमान शक्ति का प्रसार एवं प्रस्तावित २०५ फीट हनुमान प्रतिमा निर्माण हेतु महासंकल्प सुदृढ़ करना है। जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह एवं श्रद्धाभाव का वातावरण निर्मित होगा।
जगह-जगह होगा स्वागत
अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादागुरू के बालाघाट आगमन पर सिवनी से रास्ते में जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। वे विश्वकर्मा मंदिर आंवलाझरी से निकाली जा रही महा संकल्प यात्रा व संत प्रवचन में प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। बता दें कि श्री दादागुरु जी द्वारा ५ नवम्बर २०२५ (कार्तिक पूर्णिमा) से पावन नर्मदा नदी की सेवा परिक्रमा प्रारंभ की गई व ११ मार्च २०२६ को ओंकारेश्वर में हजारों परिक्रमावासियों के साथ उनकी अखंड निराहार मां नर्मदा सेवा परिक्रमा का चतुर्थ चरण पूर्ण हुआ। वे करीब १८ सौ दिनों से निराहार तप में स्थित हैं, जो वर्तमान युग में अद्वितीय तप, त्याग एवं संकल्प का दिव्य उदाहरण है। दादागुरू महज मां नर्मदा के पावन जल का ही सेवन करते हैं। ऐसे महान् तपस्वी संत का जिले में आगमन होना गौरव का क्षण है।
इस दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारी नरेन्द्र महाराज, डब्बूलाल नागेश, अमरसिंग धानेश्वर, शैलेन्द्र कुमार सेन, पवन मरकाम, विजेश बावने, अनिल बिसेन, अभिजीत तुरकर, अंकित शिववंशी, संतोष अर्जुनवार, रवि बरमैया, नंदकिशोर शिववंशी, दानीश शिववंशी, शक्ति नामदेव, शिवपाल टेंभरे, लिखेश्वर मसकरे, राजेंद्र शिववंशी सहित अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने लोगों से इस पुनीत अवसर पर अधिकाधिक उपस्थिति का आव्हान किया है।

