गोड्डा

पथरगामा में सख्त वाहन जांच, दो दिन में करीब 20 लाख के चालान काटे गए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

पथरगामा। मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना के बाद पथरगामा प्रशासन ने वाहन जांच अभियान को तेज कर दिया है। गांधीग्राम स्थित पप्पू लाइन होटल के समीप सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुबह खुद थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह मौके पर पहुंचकर बैरिकेटिंग करते नजर आए।
थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को 172 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि बुधवार को खबर लिखे जाने तक 150 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी थी। इस दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने सहित अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे जा रहे हैं। जांच के दायरे में मोटरसाइकिल, ऑटो और टोटो समेत सभी प्रकार के वाहन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दो दिनों के भीतर करीब 20 लाख रुपये के चालान काटे गए हैं, जो अभियान की सख्ती को दर्शाता है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर की जा रही है और आने वाले दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर यह अभियान जारी रहेगा।
थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि नेशनल हाईवे पर कभी भी रॉन्ग साइड से वाहन न चलाएं, हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना भी जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए सभी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button