बेतुल
बैतूल अवैध प्लाटिंग मामले में आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं, करोड़ों की जमीन दांव पर
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। आमला तहसील अंतर्गत ग्राम हरन्या में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण और प्लाटिंग का मामला जनसुनवाई में उठाया गया। किसान संघर्ष समिति तहसील आमला के अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी के नेतृत्व में श्याम यदुवंशी, शिवनारायण यदुवंशी, संतोष यदुवंशी, धना यदुवंशी, सीमा अतुलकर सहित अन्य ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आमला को शिकायत सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में बताया गया कि ग्राम पंचायत हरन्या के खसरा क्रमांक 47/1/1, 47/1/2, 245 एवं 83 की शासकीय भूमि, जो बोरदेही-बैतूल मार्ग और रेलवे स्टेशन बोरदेही के पास स्थित है, पर पहाड़ और चट्टानों को समतल कर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। इस संबंध में राजस्व प्रकरण क्रमांक 0007/अ-68 वर्ष 2025-26 के तहत 2 दिसंबर 2025 को आदेश जारी होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव और हल्का पटवारी की मिलीभगत से इस बेशकीमती सरकारी जमीन को प्लॉट में बदलकर पट्टे के नाम पर भोले-भाले लोगों से मोटी रकम लेकर बेचा जा रहा है। इससे शासन को करोड़ों के राजस्व का नुकसान हो रहा है और भविष्य में जमीन खरीदने वाले लोगों के साथ धोखाधड़ी की आशंका है।
शिकायत में दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


