बेतुल
बैतूल मेहरा समाज की बैठक में भूमि और मंगल भवन निर्माण पर बनी कार्ययोजना
संविधान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम और सामाजिक मुद्दों पर भी हुआ मंथन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मेहरा समाज संगठन जिला बैतूल की जिला स्तरीय बैठक में समाज के लिए आवंटित भूमि की सुरक्षा, सामाजिक मंगल भवन निर्माण की कार्ययोजना और आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों व सामाजिक बंधुओं ने चर्चा की। बैठक में भवन निर्माण की रूपरेखा, भूमि के उपयोग तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव लिए गए।
26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावित सामाजिक कार्यक्रम, संविधान के प्रति जागरूकता और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। समाज की एकता, शिक्षा, युवाओं की भागीदारी, सामाजिक सहयोग, संगठन विस्तार और ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए आगामी दिनों में रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में युवा प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष बैतूल के पद पर रोशन सूर्यवंशी तथा शाहपुर ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर मनीष नागले को नियुक्त किया गया। जिला अध्यक्ष संतु सूर्यवंशी ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और समाजहित के कार्यों को गति मिलेगी।
बैठक में शिक्षा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष जीसी पूर्वे, शिक्षा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गंगाराम घोड़ाहे, जिला पदाधिकारी डॉ. भूतासिंह बड़ोदे, रम्मू बेले, आकाश कुदारे, विनोद बिसोने, सचिव जगदीश कोगे, कोषाध्यक्ष गोपाल बिहारे, अजय बिसोने, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंद्रभान बड़ौदे, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष ललीता बिसोने, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सूर्यवंशी, सहदेव पाटिल, अलसेन नागले, चचोलाराम आठोले, विक्की पारदे, जित्तू बिसोने, विनोद सिहारे, कमलेश बड़ौदे सहित सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।



