ललितपुर

200 से अधिक लाभार्थियों को 10 करोड़ के ऋण वितरित

पीएनबी के मेगा कृषि आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय एवं अग्रणी बैंक द्वारा शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मेगा कृषि आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता मंडल प्रमुख के.एल. भैरवा ने की। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सत्यप्रकाश उपस्थित रहे। साथ ही सीडीओ शेषनाथ, प्रधान कार्यालय से उप महाप्रबंधक दिलीप गहलोत तथा अग्रणी जिला प्रबंधक हरीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने बैंक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम ब्लॉक और ग्रामीण स्तर तक आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने लोगों से बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने, ऋण समय पर जमा करने तथा साहूकारों के चंगुल से बाहर निकलकर संस्थागत बैंकिंग व्यवस्था से जुडऩे का आह्वान किया। सीडीओ शेषनाथ ने शिक्षा और वित्तीय जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को आर्थिक रूप से शिक्षित करना समय की आवश्यकता है। वहीं जिला कृषि अधिकारी राजीव भारती ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं और खरीफ फसल के लिए उपलब्ध कराए जा रहे मुफ्त बीजों की जानकारी दी। मंडल प्रमुख के.एल. भैरवा ने बताया कि बैंक का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उप महाप्रबंधक दिलीप गहलोत ने कहा कि किसान और महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगे तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। इस दौरान स्वयं सहायता समूह, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान गोल्ड कार्ड, पशुपालन एवं अन्य योजनाओं के तहत 200 से अधिक लाभार्थियों को करीब 10 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए। बैंक अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत जिले में अब तक प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 4,375, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 17,095 और अटल पेंशन योजना में 6,175 लाभार्थियों को जोड़ा जा चुका है। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, नाबार्ड प्रतिनिधियों, शाखा प्रभारियों एवं करीब 250 महिला-पुरुष लाभार्थियों ने सहभागिता की। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक हरीश कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button