जालौन
ग्यादीन तीसरे बार बार एसोसियेशन के अध्यक्ष निर्वाचित हुए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता ग्यादीन अहिरवार ने एक बार फिर जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। शुक्रवार को हुए चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अवधेश सिंह सोलंकी को 18 मतों से पराजित कर लगातार अपनी मजबूत पकड़ साबित की। उनकी जीत के बाद समर्थकों और अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला।
पिछले कई दिनों से तहसील परिसर में अधिवक्ता एसोसिएशन चुनाव को लेकर गहमागहमी बनी हुई थी। अध्यक्ष पद को छोड़कर सभी अन्य पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे, जिसके बाद अध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला ग्यादीन अहिरवार और अवधेश सिंह सोलंकी के बीच रहा। चुनाव को लेकर दोनों पक्षों द्वारा लगातार संपर्क अभियान और समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा था। शुक्रवार को चुनाव अधिकारी जयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। चुनाव में कुल 122 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद ग्यादीन अहिरवार को 69 मत प्राप्त हुए, जबकि अवधेश सिंह सोलंकी को 51 वोट मिले। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने ग्यादीन अहिरवार को 18 मतों से विजयी घोषित किया। गौरतलब है कि ग्यादीन अहिरवार इससे पहले भी दो बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी जीत को अधिवक्ताओं ने अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर विश्वास बताया है।

