जालौन
ग्राम संतृप्तिकरण योजना में दहेलखण्ड व भदरेखी में लगी जन चैपाल
ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। शासन की ग्राम संतृप्तिकरण योजना के तहत शुक्रवार को महेवा ब्लॉक क्षेत्र के दहेलखण्ड तथा कदौरा ब्लॉक के भदरेखी गांव में जन चैपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
गौरतलब हो कि पिछले दिनों मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे ने सभी उप जिलाधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जन चैपाल आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को एसडीएम मनोज कुमार सिंह की अगुवाई में महेवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम दहेलखण्ड में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों को निर्धन परिवारों के संतृप्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शादी अनुदान, विधवा कल्याण एवं अन्य सामाजिक योजनाएं पात्र लोगों के लिए चलाई जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने गांव में संचालित आवास, पेंशन तथा अन्य योजनाओं की समीक्षा की और ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव को आवश्यक निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि गर्मी का मौसम चल रहा है, इसलिए गांवों में कोई भी हैंडपंप खराब नहीं रहना चाहिए। उन्होंने गांव की सफाई व्यवस्था एवं गौशाला का भी निरीक्षण किया। कदौरा ब्लॉक क्षेत्र के भदरेखी गांव में नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने जन चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा 29 विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

