बरेली
अब 1.90 लाख उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर होंगे पोस्टपेड

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद आखिरकार उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने आरडीएसएस योजना के तहत लगे सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदलने का आदेश जारी कर दिया है। इससे बरेली के करीब 1.90 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। अब उपभोक्ताओं की बिजली बैलेंस खत्म होते ही नहीं कटेगी, बल्कि उन्हें सामान्य उपभोक्ताओं की तरह महीने का बिल जारी होगा। जिले में करीब साढ़े आठ लाख बिजली उपभोक्ताओं में से लगभग 1.70 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। प्रीपेड व्यवस्था लागू होने के बाद लगातार शिकायतें आ रही थीं। उपभोक्ताओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर तेजी से रीडिंग ले रहे हैं, जिससे बिल अधिक आ रहा है। बैलेंस खत्म होते ही बिजली आपूर्ति बंद हो जाती थी और कई बार सप्लाई बहाल होने में घंटों लग जाते थे। बिजली विभाग के हेल्पडेस्क पर सबसे ज्यादा शिकायतें स्मार्ट मीटर से जुड़ी पहुंच रही थीं। लगातार बढ़ते विरोध और जनप्रतिनिधियों के दबाव के बाद ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर यह फैसला लिया गया। यूपीपीसीएल के निर्देश के अनुसार मई की बिजली खपत का बिल जून में पोस्टपेड तरीके से जारी किया जाएगा।



