बरेली
किसानों का बकाया पैसा दिलाने सड़क पर उतरे पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार
मंडलायुक्त को दिया ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री भगवत शरण शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और किसानों के साथ सड़क पर उतर आए। चौकी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन के बाद उन्होंने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बकाया भुगतान और अन्य मांगों का जल्द निस्तारण कराने की मांग की।भगवत शरण ने ज्ञापन में नवाबगंज और बहेड़ी क्षेत्र के किसानों का कई सालों से रुका हुआ भुगतान दिलाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड नवाबगंज चीनी मिल पर किसानों का करीब 72 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये किसानों का बकाया है। भगवत शरण ने कहा कि भुगतान न होने से किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। खेती, बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। किसानों ने बंद पड़ी नवाबगंज चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने की भी मांग की है !प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आवारा पशुओं से फसल को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसान रात-दिन खेतों की रखवाली कर रहे हैं। गांवों में मृतक खातेदारों की विरासत दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी उठाई गई।इस धरना-प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, डॉ अनीस बेग , प्रदीप, संजीव यादव, योगेश यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।



