जालौन
टीहर में स्वगणना अभियान की गूंज, जागरूकता के लिए निकलेगी रैली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। विकास खंड रामपुरा की ग्राम पंचायत टीहर में स्वगणना अभियान की शुरुआत उत्साह और जनजागरूकता के साथ की गई। ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार गौरव ने स्वयं अपनी स्वगणना कर अभियान का शुभारंभ किया और ग्रामीणों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार गौरव ने कहा कि जनगणना देश के विकास, सरकारी योजनाओं और संसाधनों के सही निर्धारण का आधार होती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वगणना अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि सही एवं सटीक आंकड़े तैयार हो सकें। उन्होंने ग्रामीणों से समय रहते अपनी स्वगणना पूरी करने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान प्रगणक मंगल सिंह ने ग्रामीणों को स्वगणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य बेहद सरल है और प्रत्येक नागरिक आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। उन्होंने कहा कि सही जानकारी देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, क्योंकि इसी आधार पर भविष्य की सरकारी योजनाएं और विकास कार्य तय किए जाते हैं। कार्यक्रम में गांव के शहीद खान, अवधेश कुमार, विनय कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गांव में जनजागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को पूरे गांव में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया गया, वहीं ग्राम पंचायत टीहर में एक वृहद जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इस रैली में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। रैली के माध्यम से लोगों को स्वगणना के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। ग्राम पंचायत टीहर में शुरू हुए इस अभियान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह अभियान गांव के विकास और भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि गांव के अधिकांश लोग समय रहते अपनी स्वगणना पूरी कर लेंगे।

