ललितपुर

बाल सुरक्षा और मानव तस्करी रोकथाम पर पुलिस की कार्यशाला

गुमशुदा बच्चों, बाल विवाह, बाल श्रम और पॉक्सो मामलों की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत बनाने तथा मानव तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) एवं एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्ठी और प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा एएसपी (नोडल अधिकारी) कालू सिंह की उपस्थिति एवं पर्यवेक्षण में किया गया। बैठक में जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उत्तर प्रदेश द्वारा जारी एसओपी, बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की जांच, थानों पर नियुक्त बाल कल्याण अधिकारियों के कार्यों एवं उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता, साइबर अपराध, एससी/एसटी एक्ट और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में किशोर न्याय अधिनियम 2015, पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और हालिया संशोधनों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पॉक्सो से जुड़े मामलों में अभियोग दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सूचना देना सुनिश्चित करें। इसके अलावा फार्म ए, बी एवं एसबीआर रिपोर्ट समय से संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जनपद में दर्ज गुमशुदा बच्चों के लंबित मामलों और पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत मुकदमों की समीक्षा की गई। साथ ही बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान बाल कल्याण समिति, श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, चाइल्ड लाइन, किशोर न्याय बोर्ड, जन साहस संस्था, वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button