
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली के उस्मानपुर निवासी अमन, जो ऑनलाइन पार्सल डिलिवरी का आसपास के क्षेत्रों में कार्य करते हैं, रविवार देर रात लोनी क्षेत्र में डिलिवरी देने आए थे। आरोप है कि अंकुर बिहार थाना क्षेत्र स्थित टोल टैक्स के पास गढ़ी कट्टेया इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने अमन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अमन को तत्काल दिल्ली के ट्रामा सेंटर, सिविल लाइन कश्मीरी गेट में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार अमन के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें 16 टांके लगाए गए हैं।
पीड़ित के बड़े भाई रवि ने बताया कि अमन ऑनलाइन पार्सल देने लोनी आया था। गढ़ी कट्टेया के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और लूटपाट करने का प्रयास किया। जब अमन ने विरोध किया तो उसके चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
घटना थाना अंकुर बिहार और खन्ना नगर पुलिस चौकी के करीब होने के बावजूद बदमाशों द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम देना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी और थाने के आसपास भी अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है।
वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार घटना स्थल की स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिल पाई है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि केवल चार सौ रुपये के लिए लूट की घटना होना संदेह के घेरे में है। हालांकि सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है, जबकि घायल युवक अस्पताल में जिंदगी और दर्द से जूझ रहा है।



