गाजियाबाद
बिजली के झटको से बेहाल अंकुर विहार, झुके खंभे ने दो वार्डों की आपूर्ति रोकी
पुष्प बिहार की पानी की टंकी के पास गौशाला रोड पर 11 हजार वोल्ट की लाइन बाधित, पानी के लिए भी परेशान हुए फ्लैटों में रहने वाले परिवार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुष्प बिहार स्थित पानी की टंकी के पास गौशाला रोड पर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का खंभा झुकने के कारण क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। इसके चलते नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 33 और 45 में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। सुबह से बिजली नहीं आने के कारण लोगों के घरेलू कामकाज प्रभावित हुए, वहीं पानी की व्यवस्था भी लड़खड़ा गई।
अंकुर विहार क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बहुमंजिला फ्लैटों में रहते हैं। यहां बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ा। शुक्रवार सुबह लोग अपने दैनिक कार्यों की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक बिजली चली गई। कई परिवार सुबह की जरूरत के लिए पानी तक नहीं भर पाए। बिजली के अभाव में घरेलू कामकाज ठप होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ा।वार्ड 33 और 45 में बिजली नहीं आने से लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासियों को उम्मीद थी कि विद्युत विभाग जल्द ही खंभे की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर देगा, लेकिन इंतजार लंबा होने के साथ ही लोगों की नाराजगी भी बढ़ती गई।
बिजली संकट पर जनप्रतिनिधियों को भी घेर रहे लोग
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने का मामला स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में भी चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने बिजली संकट को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तंज कसते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं में क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी सवाल उठाए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से केवल रोशनी की समस्या नहीं होती, बल्कि पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं भी प्रभावित होती हैं। बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले परिवारों के लिए बिजली का लंबे समय तक बंद रहना विशेष रूप से परेशानी का कारण बनता है।
फिलहाल, विद्युत विभाग की ओर से आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे थे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की मरम्मत कर जल्द ही बिजली व्यवस्था सुचारु की जाएगी, जिससे वार्ड 33 और 45 के लोगों को राहत मिल सकेगी।




