बरेली
SBI कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, काला मास्क लगाकर जताया रोष

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन के आह्वान पर देशभर में बैंक कर्मचारियों द्वारा लंबित मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को बरेली परिक्षेत्र के स्टेट बैंक कर्मचारियों ने शाखाओं एवं कार्यालयों में काला मास्क लगाकर बैंकिंग कार्य करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के मास्क पर मैसेंजरों एवं सशस्त्र गार्ड्स की भर्ती तथा निजीकरण पर रोक लगाने संबंधी स्लोगन लिखे गए थे। स्टाफ एसोसिएशन के उप महामंत्री नवींद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मांगें पूरी न होने पर 25 और 26 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाया जाएगा। प्रदर्शन में पूजा कौशल, महेंद्र यादव, विकास कुमार, अजय वीर, मारूफ अली सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



