सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डकोर का औचक निरीक्षण किया डीएम ने

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई(जालौन)। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी डकोर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डिलीवरी, पैथोलॉजी जांच, दवा वितरण और टीकाकरण व्यवस्था का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डिलीवरी सेवाएं सुचारु मिलीं और मरीजों ने निशुल्क दवाओं एवं जांच सुविधाओं पर संतोष जताया। डीएम ने मरीजों व तीमारदारों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी और एएनएम को ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण में अहम भूमिका निभाने के निर्देश दिए। लैब का अवलोकन करने पर सभी आवश्यक जांचें संचालित पाई गईं, जिस पर डीएम ने प्रसन्नता जताई। जांच सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने लैब में दो एसी लगाने की तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी। साथ ही, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दो फार्मासिस्टों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दवा वितरण व्यवस्था सुचारु हो सके। डीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सहजता से उपलब्ध हों। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह और चिकित्सक मौजूद रहे।
