जालौन
आधी रात एसडीएम का छापा, लकड़ी माफियाओं में भगदड़
जालौन में अवैध लकड़ी कटान पर बड़ी कार्रवाई, डीसीएम और हैड्रा मशीन जब्त

दाऊ जी गार्डन के पास दबिश से मचा हड़कंप, देर रात तक चली प्रशासनिक कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। नगर में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध लकड़ी कारोबार पर सोमवार देर रात प्रशासन ने ऐसा शिकंजा कसा कि लकड़ी माफियाओं में भगदड़ मच गई। आधी रात के करीब उप जिलाधिकारी रिंकू सिंह राही अचानक पुलिस फोर्स के साथ चुंगी नंबर चार स्थित दाऊ जी गार्डन के पास पहुंचे और छापेमारी शुरू कर दी। प्रशासन की गाड़ियों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
छापेमारी के दौरान अवैध लकड़ी से भरी एक डीसीएम और लकड़ी लोड करने में लगी हैड्रा मशीन को मौके से कब्जे में ले लिया गया। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद लोग संभल भी नहीं सके। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से पूरे इलाके में सनसनी फैली रही।
सूत्रों के मुताबिक प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध लकड़ी कटान कर रात के अंधेरे में उसका परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों के बाद एसडीएम रिंकू सिंह राही ने पूरी योजना के साथ देर रात दबिश दी और मौके पर चल रहे अवैध खेल का पर्दाफाश कर दिया।
कार्रवाई के बाद लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में खौफ का माहौल देखा गया। नगर में देर रात से ही इस छापेमारी की चर्चा होती रही। लोगों का कहना है कि प्रशासन पहली बार इतने सख्त अंदाज में कार्रवाई करता नजर आया, जिससे अवैध कारोबारियों के होश उड़ गए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रशासन अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है। अवैध कटान से जुड़े लोगों और लकड़ी कहां से लाई जा रही थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध कारोबार करने वालों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
