
300 स्कूलों के 1000 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा, एआई और रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकों को समझा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित तीन दिवसीय भारत शिक्षा एक्सपो का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में एमआईईटी ने शिक्षा, तकनीक और नवाचार का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी विशेष पहचान बनाई। एमआईईटी के पवेलियन पर 25 से अधिक शिक्षकों ने छात्रों के लिए कई रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया, जिसने विद्यार्थियों और अभिभावकों को खासा आकर्षित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन को साकार करने की दिशा में आयोजित “क्रिएथॉन 2026” एक्सपो का प्रमुख आकर्षण रहा। देशभर से आए छात्र, युवा उद्यमी और नवप्रवर्तकों ने अपने नवीन आइडियाज और तकनीकी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम, एआईसीटीई आइडिया लैब और एसीआईसी एमआईईटी मेरठ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एक्सपो में आइडियाथॉन, कोडथॉन, हैकाथॉन और स्टार्टथॉन जैसी प्रतियोगिताओं ने युवाओं में नवाचार की नई ऊर्जा का संचार किया। लगभग 300 स्कूलों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीकों की गहराई को समझा।
एमआईईटी के शिक्षकों ने बेहद सरल और रोचक अंदाज में विद्यार्थियों को भविष्य में आने वाली तकनीकों और उनके उपयोग के बारे में जानकारी दी। डिज़ाइन थिंकिंग, रोबोटिक्स, 3डी प्रोटोटाइपिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी और नेचर वर्कशॉप आधारित कार्यशालाओं ने छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान और समस्या समाधान की नई सोच से जोड़ा।
एक्सपो में आयोजित ड्रोन शो, रोबो रेस, रोबो वॉर और रोबो सॉकर जैसे कार्यक्रमों ने तकनीक और मनोरंजन का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। इन आकर्षक गतिविधियों ने छात्रों में नई तकनीकों के प्रति उत्साह और जिज्ञासा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश सरकार और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। एमआईईटी के वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस एक्सपो का उद्देश्य शिक्षा, तकनीक, नवाचार और करियर को एक मंच पर लाकर छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थानों को नई दिशा प्रदान करना है।
इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मुकेश रावत, डॉ. ललित सागर, डॉ. प्रशांत कुमार गुप्ता, रेहान अहमद, विजय कुमार शर्मा, अनुराग आरोन, विशि खत्री, अभिलाषा जैन का विशेष सहयोग रहा।




