बेतुल
बैतूल पेपर लीक मामले में आप का प्रदर्शन आज, कलेक्टर कार्यालय में सौंपा जाएगा ज्ञापन
अभिभावकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील

शाम 4 बजे अंबेडकर प्रतिमा से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचेगी रैली
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नीट यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी जिला इकाई शुक्रवार को राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगी। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विनोद जगताप ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट की ऑफलाइन परीक्षा में देशभर के 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद परीक्षा रद्द किए जाने से लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में गहरा आक्रोश है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम 4 बजे पार्टी कार्यकर्ता और अभिभावक नेहरू पार्क स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के पास एकत्रित होंगे, जहां से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विनोद जगताप ने शहर के अभिभावकों से अपील की है कि वे इस संवेदनशील मुद्दे पर अपनी सहभागिता दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य के लिए जीवनभर की पूंजी खर्च करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं विद्यार्थियों के सपनों को तोड़ देती हैं। इससे कई छात्र निराशा और तनाव में आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए अधिक से अधिक अभिभावकों की उपस्थिति जरूरी है।



