गोड्डा

महागामा नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में विकास का ब्लूप्रिंट तैयार

25 करोड़ बजट पारित,325 नए आवास को मंजूरी,20 करोड़ की विकास योजनाओं पर लगी मुहर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महागामा : महागामा नगर पंचायत सभागार में आयोजित दूसरी बोर्ड बैठक में विकास और जनहित से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में करोड़ों रुपये की योजनाओं को स्वीकृति देते हुए महागामा के विकास का नया रोडमैप तैयार किया गया। बैठक की शुरुआत पूर्व में पारित प्रस्तावों की समीक्षा एवं संपुष्टि के साथ हुई। इसके बाद एक-एक कर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सभी को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। सबसे बड़ा फैसला प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 को लेकर लिया गया। जिसमें पूर्व से स्वीकृत आवासों के अतिरिक्त 325 नए लाभुकों को आवास उपलब्ध कराने के लिए नए डीपीआर को मंजूरी दी गई। इस निर्णय से नगर क्षेत्र के सैकड़ों गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की नई विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, करीब दो करोड़ रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति भी दी गई। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पंचायत का लगभग 25 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। 15वें वित्त आयोग के तहत टाइड एवं अनटाइड मद में करीब चार करोड़ रुपये की योजनाओं के चयन पर भी सहमति बनी, जिसे आगामी एचएलएमसी बैठक में भेजा जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र के पंचायत भवनों के हस्तांतरण को लेकर संबंधित विभागों से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। वहीं, नगर क्षेत्र में संचालित आरो वाटर प्लांट के रजिस्ट्रेशन को विभागीय गाइडलाइन के अनुसार कराने पर भी सहमति बनी। शहरी परिवहन योजना के तहत लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान नगर क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष निलेश सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल, नगर प्रबंधक रोहित गुप्ता, रवि शेखर, वार्ड पार्षद रॉकी जायसवाल, ललिता देवी, हेमंत कुमार, दिलीप कुमार दास, सिकंदर पासवान, महावीर महतो, स्वीटी कुमारी, पूनम देवी, सावित्री देवी, आशा देवी, दाऊद अंसारी, अलादीन अंसारी, भीम ब्रह्म समेत नगर पंचायत के सभी कर्मी मौजूद रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आम जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्रवाई संपन्न हुई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button