
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। बसंतराय थाना भवन निर्माण को लेकर चल रही कशमकश के बीच झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि बसंतराय थाना भवन का निर्माण प्रखंड मुख्यालय में ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब प्रखंड मुख्यालय बसंतराय में है, सरकारी अस्पताल बसंतराय में है, तो थाना भवन भी बसंतराय में ही बनना चाहिए। मंत्री संजय यादव ने कहा कि यदि थाना भवन को प्रखंड मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर बनाया जाता है, तो इससे क्षेत्र में अपराध बढ़ने की आशंका रहेगी और आम लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि थाना आम जनता की सुरक्षा और त्वरित पुलिस व्यवस्था का केंद्र होता है, इसलिए इसका स्थान ऐसा होना चाहिए जहां से लोगों को आसानी से सुविधा मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि इस गंभीर मामले को लेकर उन्होंने गोड्डा उपायुक्त लोकेश मिश्रा को भी अवगत करा दिया है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी श्रीमान मरांडी को भी इस विषय में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मंत्री के इस बयान के बाद बसंतराय में थाना भवन निर्माण को लेकर चल रही चर्चाओं और विवादों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि थाना भवन प्रखंड मुख्यालय में बनने से आम जनता को राहत मिलेगी और प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।



