शामली
साइबर अपराधों से बचाव को लेकर शामली पुलिस का जागरूकता अभियान
रेलवे स्टेशन पर लोगों को किया जागरूक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए शामली पुलिस द्वारा जनपदभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना आदर्शमंडी पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन शामली पर आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने यात्रियों एवं युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही लोगों को ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस द्वारा साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने एवं cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।इस दौरान पुलिस टीम ने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील करते हुए डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।शामली पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं तथा स्वयं जागरूक बनकर दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।