गोड्डा
बकरीद पर्व को लेकर हाट- बाजार में चहल पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। बकरीद पर्व को लेकर महगामा प्रखंड क्षेत्र के हनवारा मवेशी हाट में इन दिनों काफी चहल-पहल देखी जा रही है। दूर-दराज के गांवों एवं बिहार सीमा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग बकरे की खरीदारी के लिए हाट पहुंच रहे हैं। शनिवार को हाट में सुबह से ही खरीदारों और विक्रेताओं की भीड़ लगी रही। व्यापारियों ने बताया कि बकरीद से पूर्व लगने वाला यह अंतिम बड़ा हाट होने के कारण अधिक भीड़ उमड़ गई है। हाट में छोटे से लेकर बड़े आकार के बकरे बिक्री के लिए लाए गए हैं। बकरों की कीमत उनकी नस्ल, वजन और खूबसूरती के अनुसार 15 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक लगाई जा रही है। कई खरीदार अपनी पसंद के अनुसार बकरे की खरीदारी करते नजर आए। बच्चों में भी बकरों को लेकर खासा उत्साह देखा गया।व्यापारियों का कहना है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बकरों की कीमत में कुछ बढ़ोतरी हुई है, बावजूद इसके खरीदारी पर इसका खास असर नहीं पड़ा है। वहीं, हाट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सतर्क दिखा। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। बकरीद पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।



