झुंझुनू
विधायक काला ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र भीवांराम मेघवाल को शहीद का दर्जा देने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। पिलानी विधायक पितराम सिंह काला ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर हाल ही में ड्यूटी के दौरान कर्तव्य का पालन करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले नवलगढ़ थाने के कांस्टेबल ड्राइवर भौड़की के लाल भीवांराम मेघवाल को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। विधायक काला ने लिखा कि भींवाराम राम मेघवाल ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ किया। 17 मई को पुलिस गश्त के दौरान बदमाशों का पीछा करते समय पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से मेघवाल का असमय निधन हुआ हैं। उनके निधन से परिवार, समाज एवं पुलिस विभाग को अपूर्णीय क्षति हुई है। भीवांराम मेघवाल ने सदैव ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया। कर्तव्य पालन के दौरान हुई इस दुर्घटना में उनका बलिदान अत्यंत दु:खद एवं सम्माननीय है। इसलिए जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें शहीद का दर्जा प्रदान किया जाना न्यायोचित एवं प्रेरणादाई है। मेघवाल को शहीद का दर्जा प्रदान कर उनके परिवार को सम्मान एवं उचित सरकारी सहायता उपलब्ध करवाई जाए ताकि उनके परिजनों को संबल मिले तथा समाज में सेवा एवं बलिदान की भावना को प्रोत्साहन मिले।


