
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मछरई निवासी सर्वेश पुत्र करन सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि उसके सगे बहनोई उसके दो साथी शनिवार की रात पीड़ित को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसकी पत्नी,दो बच्चों व डेढ़ तोला सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी व 1.50 लाख रुपये की नगदी लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने 20 दिन पहले भी उस पर जानलेवा हमला किया था।घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई न किए जाने और पत्नी की बरामदगी न होने से क्षुब्ध होकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को कोतवाली गेट पर एकत्र होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बच्चों सहित महिला की सकुशल बरामदगी की मांग की है।



