बागपत
बड़ौत में अंडर-14 क्रिकेट लीग का आगाज़, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
डॉ. मनोज बिश्नोई ने फीता काटकर किया उद्घाटन, खेल भावना से खेलने का दिया संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। बीपीएल-10 जिला क्रिकेट एसोसिएशन बागपत के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को बड़ौत के जाट कॉलेज मैदान में बड़े उत्साह के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन यूटा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज बिश्नोई ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में लायंस टीम बागपत और टाइगर टीम बागपत आमने-सामने उतरीं। टाइगर टीम के कप्तान संभव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। मैच शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि डॉ. मनोज बिश्नोई ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज बिश्नोई ने कहा कि ग्रामीण एवं क्षेत्रीय स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अंडर-14 के खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए और अपनी मेहनत का सौ प्रतिशत मैदान में देना चाहिए, तभी सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
विशिष्ट अतिथि राजीव तोमर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। इससे बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उनमें अनुशासन व टीम भावना विकसित होती है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन बागपत के कोच सुधीर तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2015 से एसोसिएशन लगातार क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। संस्था का उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि बीपीएल का यह दसवां संस्करण है और इसमें जिले के कई उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विश्वास चौधरी ने कहा कि संस्था खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं खेल प्रेमियों का समय-समय पर सहयोग मिलता रहता है, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान उद्घाटनकर्ता डॉ. मनोज बिश्नोई, विशिष्ट अतिथि राजीव तोमर तथा अक्षय शर्मा को पगड़ी, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन सत्र में आयोजन सचिव रामवीर तोमर, अनुराग तोमर, सोहेल वीर खोखर, मनजीत, कप्तान रुद्राक्ष, कप्तान संभव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



