नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान में शामली पुलिस सख्त, 299 वाहनों के चालान
शामली। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर शामली पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में रविवार को “No Helmet No Fuel” अभियान के तहत जिलेभर में विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया।
बनत चौराहा, विजय चौक, शिव चौक, फव्वारा चौक, कैराना बस अड्डा और रोडवेज बस अड्डा समेत कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस टीमों ने वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 299 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 238 चालान बिना हेलमेट के पाए गए।
यातायात पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं बल्कि जीवन रक्षा के लिए जरूरी है। पुलिस ने ओवरस्पीडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग करने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी।