शामली
साइबर ठगों ने युवक का बैंक खाता हैक कर उड़ाए 39 हजार रुपये
कैराना निवासी ने दर्ज कराई शिकायत, साइबर पुलिस ने रकम कराई फ्रीज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात साइबर ठगों ने युवक का बैंक खाता हैक कर करीब 39 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निकाली गई रकम में से 39,699 रुपये फ्रीज करा दिए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मोहल्ला आलकला टीचर्स कॉलोनी निवासी कार्तिक शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक शाखा कैराना में बचत खाता है। आरोप है कि विगत 19 मई को अज्ञात व्यक्ति ने उसका बैंक खाता हैक कर 39,700 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर थाना शामली में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार थाना कैराना साइबर यूनिट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निकाली गई रकम में से 39,699 रुपये फ्रीज करा दिए। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर ठगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
