कैराना
खेत पर जाते समय युवक पर हमला, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। थाना क्षेत्र के गांव जंधेड़ी में खेत पर जाते समय युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जंधेड़ी निवासी यूनुस पुत्र इस्लाम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 26 मई की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने सात वर्षीय पुत्र तैमूर के साथ पैदल खेत पर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह सतपाल पुत्र वेदू की ट्यूबवेल के पास पहुंचा, तभी गांव के फुरकान पुत्र रियासत, आमिर पुत्र फुरकान, दानिश पुत्र इरफान और कादिर पुत्र इकराम वहां आ गए। पीड़ित का आरोप है कि चारों ने एकराय होकर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज भी की। शोर सुनकर गांव के अनवर पुत्र मतलूब, कादिर पुत्र साबिर और साबिर पुत्र रहीसू मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


