शामली

कांधला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अपमिश्रित डीजल की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 1350 लीटर डीजल बरामद

चार आरोपी गिरफ्तार, पेट्रोल पंप मैनेजर भी शामिल; तीन अन्य की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला/कैराना। जनपद शामली में अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कांधला पुलिस, एसओजी टीम, सर्विलांस सेल तथा जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में अपमिश्रित डीजल की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 1350 लीटर अपमिश्रित डीजल, छह बड़े बैरल, दो कैन, तेल निकालने की मशीन, पाइप सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव को सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन (UP14ST1319) के माध्यम से अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना कांधला पुलिस, एसओजी और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने जिडाना पुलिया पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान वाहन से तीन बड़े बैरल और तीन कैन में भरा करीब 750 लीटर डीजल बरामद हुआ। मौके पर मौजूद पूर्ति अधिकारियों द्वारा जांच करने पर तेल अपमिश्रित पाया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हरियाणा के सोनीपत क्षेत्र में स्थित तेल डिपो और हाईवे किनारे के होटलों से सस्ते दामों पर चोरी का तेल खरीदते थे और उसमें थिनर मिलाकर अधिक मुनाफे के लिए बेचते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कैराना स्थित स्टार फिलिंग स्टेशन पर भी अपमिश्रित तेल की आपूर्ति करते रहे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने स्टार फिलिंग स्टेशन पर छापा मारकर वहां से तीन बैरल में भरा करीब 600 लीटर अपमिश्रित डीजल बरामद किया। मौके से पेट्रोल पंप के मैनेजर मुजम्मिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पेट्रोल पंप संचालकों के निर्देश पर अपमिश्रित तेल खरीदकर ग्राहकों को बेचता था।

इस प्रकार चलता था पूरा खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य हरियाणा से चोरी अथवा अवैध रूप से प्राप्त पेट्रोलियम पदार्थ खरीदते थे। इसके बाद उसमें थिनर जैसे रसायन मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी और फिर उसे पेट्रोल पंपों तथा अन्य स्थानों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। इस अवैध कारोबार से जुड़े पैसों का बंटवारा गिरोह के सदस्य आपस में करते थे।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राहुल पुत्र रामकुमार निवासी धनौरा, जनपद बागपत
  2. राजन पुत्र उदयवीर निवासी दुलैरा, जनपद मुजफ्फरनगर
  3. अशोक पुत्र रामपाल निवासी जगदीशपुर, जिला सोनीपत (हरियाणा)
  4. मुजम्मिल पुत्र इकबाल निवासी कैराना, शामली (मैनेजर, स्टार फिलिंग स्टेशन)

तीन आरोपी अभी फरार

पुलिस ने मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें मोहित, रिजवान और परवेज शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बरामदगी

  • 1350 लीटर अपमिश्रित डीजल
  • 06 बड़े बैरल
  • 02 प्लास्टिक कैन
  • तेल निकालने की मशीन
  • प्लास्टिक पाइप एवं अन्य उपकरण
  • पिकअप वाहन संख्या UP14ST1319

पुलिस और पूर्ति विभाग की सराहनीय कार्रवाई

इस सफल अभियान में थाना प्रभारी कांधला सतीश कुमार, एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह, सर्विलांस प्रभारी कर्मवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संयुक्त टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से न केवल बड़े पैमाने पर चल रही कालाबाजारी का पर्दाफाश हुआ, बल्कि उपभोक्ताओं के साथ हो रही संभावित धोखाधड़ी को भी रोका जा सका।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button