ललितपुर
व्यापारियों के नुकसान की भरपाई करे सरकार, राहत पैकेज दे प्रशासन : व्यापार मंडल
दो अग्निकांडों में करोड़ों का नुकसान, पीडि़त व्यापारियों के साथ खड़ा है पूरा व्यापारी समाज

आज डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की प्रमुख पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर के सानिध्य एवं जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में हाल ही में शहर में हुई दो भीषण अग्निकांड की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यापारियों को तत्काल राहत एवं मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई। बैठक में कहा गया कि बीते 24 घंटों के भीतर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण शहर के दो बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे दोनों व्यापारी परिवार आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पदाधिकारियों ने बताया कि 29/30 मई की रात लगभग दो बजे नदी पार क्षेत्र स्थित कुमार ट्रेडर्स में आग लग गई थी। दुकान संचालक राजकुमार जैन (राजू) की तीन मंजिला दुकान एवं आवासीय भवन आग की चपेट में आ गया। देर रात घटना होने तथा ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने में विलंब हुआ, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आगजनी में दुकान और मकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। संगठन के अनुसार इस घटना में व्यापारी को लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बैठक में दूसरी घटना का भी उल्लेख किया गया, जिसमें 30 मई की रात झांसी रोड स्थित गुप्ता ट्रेडर्स की टाइल्स एवं सेनेटरी गोदाम में आग लग गई। संगठन के अनुसार बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में व्यापारी आकाश गुप्ता के गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के लिए कई घंटों तक दमकल विभाग को मशक्कत करनी पड़ी। व्यापार मंडल के नेताओं ने कहा कि दोनों घटनाओं ने संबंधित परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित व्यापारी लगातार मानसिक तनाव में हैं और उनके कई बार बेहोश होने की सूचनाएं भी संगठन को प्राप्त हुई हैं। ऐसी विषम परिस्थितियों में पूरा व्यापारी समाज उनके साथ खड़ा है। बैठक में प्रशासन एवं शासन से मांग की गई कि दोनों पीड़ित व्यापारियों को तत्काल आर्थिक सहायता, राहत पैकेज एवं बीमा संबंधी दावों के निस्तारण में विशेष सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 जून को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें प्रभावित व्यापारियों को राहत एवं मुआवजा प्रदान करने की मांग की जाएगी। बैठक में प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिला अध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष महेश जैन, जिला महामंत्री अनिल जैन, प्रदेश मंत्री नवीन सिंह, स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज अध्यक्ष मुकेश जैन, युवा नगर अध्यक्ष मनोज सोनी मज्जू, युवा प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक जैन मयूर, युवा महामंत्री राजीव सुडेले, आईटी मंच जिला अध्यक्ष अंकित सतभैया, अविनाश जैन मयूर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



