अतिहिमीकृत वीर्य उत्पादन केन्द्र, बाबूगढ़ एवं राजकीय कृषि एवं पशुधन प्रक्षेत्र
बाबूगढ़ का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ – हापुड़ की मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा द्वारा अतिहिमीकृत वीर्य उत्पादन केन्द्र, बाबूगढ़ एवं राजकीय कृषि एवं पशुधन प्रक्षेत्र, बाबूगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा डी०एफ०एस०, बाबूगढ़ पर उत्पादित किये जा रहे पारम्परिक एवं सेक्स सार्टिड सीमेन की समीक्षा की गयी तथा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली गयी।
डा० संजीव कुमार, संयुक्त निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में साहीवाल, गिर, हरियाना, एच०एफ० एवं मुर्रा नस्ल के पारम्परिक अतिहिमीकृत वीर्य का उत्पादन संस्था पर किया जा रहा है। अमेरिकन कम्पनी ए०बी०एस० को सेक्स सार्टिड सीमेन उत्पादन के लिए पशुपालन विभाग, उ०प्र० द्वारा चयनित किया गया है जिसके द्वारा उत्पादन कार्य अगले माह से शुरू कर दिया जायेगा।
राजकीय कृषि एवं पशुधन प्रक्षेत्र, बाबूगढ़ के निरीक्षण के दौरान डा० रमेश सिंह, प्रक्षेत्र प्रबन्धक द्वारा अवगत कराया गया कि प्रक्षेत्र पर हरियाना नस्ल की गायों के संवर्धन एवं चारा बीज उत्पादन का कार्य किया जाता है। वर्तमान में कुल 704 हरियाना गोवंश प्रक्षेत्र पर पाले गये हैं। प्रक्षेत्र पर चारा बीज उत्पादन के साथ-साथ नैपियर घास की भी बुआई की गयी है जिसे किसानों को उपलब्ध कराया जाता है।
निरीक्षण के दौरान डा० मानव, अपर निदेशक, पशुपालन विभाग, मेरठ मण्डल, मेरठ, डा० ओ०पी० मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, हापुड़ एवं प्रक्षेत्र एवं ए०बी०एस० कम्पनी के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


