गोड्डा
केन्द्रीय विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। वन प्रमंडल द्वारा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में स्थानीय केन्द्रीय विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजनों के बीच पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पौधारोपण कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण अभियान में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर पवन बाघ ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक आवश्यकता बन चुकी है। बढ़ते प्रदूषण, अनियंत्रित शहरीकरण एवं जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ जल संरक्षण, मृदा संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा पृथ्वी के तापमान को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी नियमित देखभाल करते हुए उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनाने के लिए समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता एवं संरक्षण की भावना विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। दौरान विद्यार्थियों को पौधों के महत्व, उनके संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक कदम उठाने तथा अधिकाधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।



