कैराना

कैराना पुलिस को बड़ी सफलता

दो चोरी की वारदातों का खुलासा, हरियाणा के दो शातिर चोर दबोचे

42 हजार से अधिक नकदी, आधार कार्ड, अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कैराना पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए हरियाणा निवासी दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की नकदी, आधार कार्ड, अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गत 13 मई को मोहल्ला बिसातियान निवासी फरहान की जनरल स्टोर की दुकान का शटर उखाड़कर चोर नकदी व सामान चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा दो जून को झाड़खेड़ी निवासी सुनील कुमार उर्फ मिंटू की तितरवाड़ा चुंगी स्थित बैटरी एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान से गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली गई थी। दोनों मामलों में थाना कैराना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैराना पुलिस ने शनिवार रात कार्रवाई करते हुए दोनों घटनाओं का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मोहित सिंह पुत्र महावीर निवासी गांव जोरासी केवलगढ़ी थाना समालखा जिला पानीपत तथा सुनील सैनी पुत्र राजू निवासी गांव मतरौली थाना समालखा जिला पानीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 40,200 रुपये नकद, वादी का आधार कार्ड, दूसरी घटना से संबंधित 2,400 रुपये नकद, एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button