शामली

भाजपा नेता बताकर दबंगई का आरोप,ग्रामीणों ने दी तहरीर

रुपये हड़पने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की शिकायत, जांच में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी दो ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने, गाली-गलौज करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी साहरोज पुत्र महमूद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विगत एक जून को गांव में जमीन के डोल को लेकर खलील पुत्र इनाम से विवाद हो गया था। आरोप है कि मारपीट में घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए पहले शामली और बाद में मेरठ रेफर किया गया। पीड़ित का कहना है कि उसी दिन गांव निवासी एक व्यक्ति मेरठ अस्पताल पहुंचा और उसने बताया कि आरोपित पक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में धाराएं बढ़वाने के लिए गंगेरू चौकी के एक दरोगा द्वारा 16 हजार रुपये की मांग की जा रही है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उसकी बातों में फंसकर उससे रुपये ले लिए और बाद में कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल कर रहा है।
 दूसरी और गांव निवासी विजयपाल ने भी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपित ने उससे गाय खरीदी थी आरोप है कि कुल रकम में से केवल 2200 रुपये दिए गए, जबकि 5800 रुपये अभी भी बकाया हैं। रुपये मांगने पर आरोपित गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाता है तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है।दोनों शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को भाजपा नेता बताकर दबंगई दिखाता है तथा आए दिन ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। साथ ही झूठी सूचनाएं देकर पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास करता है। पीड़ितों ने मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button