बरेली
बरेली में भीम आर्मी का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया संगठनात्मक प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा बरेली मंडल में आयोजित एक दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बरेली मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपद पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली एवं बदायूं से हजारों की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने संगठन की विचारधारा, कार्यप्रणाली, अनुशासन, सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों तथा बहुजन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष की आवश्यकता पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा समाज के वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों की आवाज़ बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कुलदीप भार्गव ने कार्यकर्ताओं को संगठन निर्माण के मूल गुणों की जानकारी देते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, वैचारिक स्पष्टता, जनसंपर्क, टीम भावना और संघर्षशीलता ही किसी भी मजबूत संगठन की आधारशिला होते हैं। प्रशिक्षण शिविर में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, सामाजिक आंदोलनों की रणनीति, नेतृत्व विकास, टीम प्रबंधन तथा जनसमस्याओं के समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक परिवर्तन के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव विकास बाबू तथा बरेली मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों पदाधिकारियों के नेतृत्व में पूरे मंडल में व्यापक जनसंपर्क कर प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाया गया।



