गाजियाबाद
तालाब की जमीन पर कब्जे के विरोध में 15 जून को लोनी तहसील पर प्रदर्शन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के गांव गढ़ी जस्सी स्थित तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज “भूमि बचाओ संघर्ष समिति” ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति ने 15 जून को लोनी तहसील पर घेराव और प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार जहां सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दे रही है, वहीं गाजियाबाद जनपद की लोनी तहसील क्षेत्र के गांव गढ़ी जस्सी के खसरा नंबर 3472 स्थित तालाब की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया जा रहा है। आरोप है कि करतार सिंह उर्फ लीले अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
समिति का कहना है कि मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी लोनी तथा जिलाधिकारी गाजियाबाद से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही शिकायतकर्ता को धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
“भूमि बचाओ संघर्ष समिति” ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो 15 जून को सुबह 11 बजे लोनी तहसील का घेराव किया जाएगा। समिति के जिला संयोजक सतीश गुर्जर ने कहा कि प्रदर्शन के बाद भी प्रशासन नहीं जागा तो वह कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




