ललितपुर
नमामि गंगे योजना की खुदाई बनी मुसीबत
डेढ़ माह से बदहाल सड़क पर फूटा मोहल्लावासियों का गुस्सा
डोडाघाट तालापुरा में गड्ढों, कीचड़ और जलभराव से लोग परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। डोडाघाट तालाबपुरा स्थित ज्वाला मंदिर के पास गली में नमामि गंगे योजना के तहत कराए गए कार्यों की लापरवाही से स्थानीय नागरिकों का जीवन प्रभावित हो गया है। पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब डेढ़ माह पहले खोदी गई सड़क आज तक दुरुस्त नहीं कराई गई, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नाराज नागरिकों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है तथा समस्या का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन और अनशन की चेतावनी दी है। मोहल्लावासियों के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को नमामि गंगे योजना के अंतर्गत पाइपलाइन डालने के लिए गली की सड़क खोदी गई थी। पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप पूरी गली में गहरे गड्ढे, उखड़ी सड़क और मलबे के ढेर पड़े हुए हैं, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात शुरू होने के साथ ही स्थिति और गंभीर हो गई है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे कीचड़ और दुर्गंध फैल रही है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मोहल्लावासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित सुपरवाइजर और ठेकेदार को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ठेकेदार ने उनकी बात सुनने के बजाय अभद्र व्यवहार किया और यह तक कह दिया कि जहां शिकायत करनी हो कर दो। इस रवैये से क्षेत्रीय लोगों में रोष और बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मोहल्लावासी सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन और अनशन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। जिलाधिकारी को दिए गए शिकायत पत्र पर अंशुमन साहू, सुमित साहू, देवेन्द्र साहू, रूपेश साहू, राहुल विश्वकर्मा, आशीष साहू, रामगोपाल साहू, सुरेन्द्र, देवी, शुभांशु, खेमचंद, जगतराम, सुरेश कुमार, राजकुमार, हरगोविंद सहित बड़ी संख्या में मोहल्लावासियों के हस्ताक्षर हैं।


