
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया उद्घाटन
9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा लाभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला चिकित्सालय स्थित प्रसवोत्तर केन्द्र में बुधवार को विटामिन-ए संपूरण अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना तथा उन्हें रतौंधी और कुपोषण जैसी समस्याओं से बचाना है। इस दौरान सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बताया कि यह अभियान पूरे जनपद में एक माह तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों को निशुल्क विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि विटामिन-ए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और यह उनकी रोगों से लडऩे की क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.धीरेन्द्र वैद्य ने बताया कि 9 से 12 माह तक के बच्चों को आधा चम्मच (1 एमएल) तथा 1 वर्ष से 5 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरा चम्मच (2 एमएल) विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। अभियान संचालन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं की सहायता से पात्र बच्चों की सूची पहले से तैयार कर ली गई है, जिससे कोई भी बच्चा लाभ से वंचित न रहे। डा.सौरभ ने बताया कि प्रदेश में यह कार्यक्रम वर्ष में दो बार, छह माह के अंतराल पर संचालित किया जाता है। 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को कुल नौ निर्धारित खुराकें दी जाती हैं। विटामिन-ए एक वसा में घुलनशील पोषक तत्व है, जो बच्चों को रतौंधी और कुपोषण से बचाने में मदद करता है। इस दौरान सत्र स्थलों पर बच्चों का वजन भी किया जाएगा तथा अभिभावकों को विटामिन-ए के महत्व, स्तनपान और पूरक पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ एक्सपायरी तिथि की जांच, खुराक का सही मापन और अभिलेखों के रखरखाव के संबंध में भी आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। मौके पर प्रधानाचार्य डा.मयंक शुक्ला, परामर्शी चिकित्सक डा.हुसैन खान, चिकित्सा अधिकारी डा.राजेश भारती, आरआरटी जेएसआई सबा परवीन सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

