शामली
पटाखा फैक्ट्री में चोरी की सूचना निकली झूठी, पांच लोगों का चालान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के मलकपुर मार्ग स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में दिनदहाड़े चोरी की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की। जांच में चोरी की सूचना झूठी पाए जाने पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया शुक्रवार को कस्बा निवासी रिजवान ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी कि मलकपुर मार्ग स्थित उसकी पटाखा फैक्ट्री से कुछ लोग सामान चोरी कर ले जा रहे हैं। दिनदहाड़े चोरी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस कस्बा निवासी इरफान के नाम पर है। रिजवान और इरफान दोनों साझेदारी में फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते फैक्ट्री से अपना सामान उठाया जा रहा था।मौके पर मौजूद रिजवान, अशरफ, अबूजर, इरफान और फरमान को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पांचों लोग पुलिस के सामने आपस में विवाद करने लगे। इसके बाद पुलिस ने झूठी सूचना देने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांचों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। थाना प्रभारी निरक्षर सतीश कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति ने पुलिस को चोरी की झूठी सूचना दी थी पुलिस को गुमराह करने पर पांच लोगों का चालान किया गया है।