सावित्री रिसोर्ट में मेधावियों का भव्य सम्मान समारोह, सम्मान पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। तौलिक समाज सेवा फाउंडेशन द्वारा सावित्री रिसोर्ट में आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी संगम बन गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंजायमान हो गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद बंटी विवेक साहू एवं राज्य मंत्री राकेश राठौर रहे। नगर पालिका प्रतिनिधि पुनीत मित्तल तथा विशिष्ट अतिथि अशोक राठौर ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कमलेश राठौर ने की।
सम्मान समारोह में हाईस्कूल वर्ग में ऋषि कुमार ने प्रथम तथा शालिनी राठौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट वर्ग में यश राठौर प्रथम, स्नेहा साहू द्वितीय और कार्तिक राठौर तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के लगभग 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राकेश राठौर ने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षित, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने का आह्वान किया। सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा। संगठन की शक्ति से ही समाज नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
विशिष्ट अतिथि अशोक राठौर ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को देते हुए कहा कि इस सम्मान ने उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है।
कार्यक्रम का संचालन रोहित राठौर पनयारा ने किया। इस अवसर पर दादा उमाशंकर राठौर, शैलेंद्र राठौर, राजीव राठौर, सचिन गौरव राठौर, लोकेंद्र राठौर, रूपेश साहू, धीरज साहू, गौरव राठौर, योगेंद्र राठौर, महेंद्र राठौर, चंद्रभान, मूल नारायण, कुलदीप, संजय, श्रीप्रकाश, नंदकिशोर, पुष्पेंद्र सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

