ललितपुर

जनभागीदारी से होगा क्षय रोग का उन्मूलन

मरीजों को वितरित की गईं पोषण पोटलियां

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रेडक्रॉस सोसायटी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत सोमवार को जिला क्षय रोग नियंत्रण केन्द्र में रेडक्रॉस सोसायटी की जनपद शाखा के सहयोग से टीबी मरीजों को पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षय रोगियों के पोषण स्तर में सुधार कर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाना और उपचार को अधिक प्रभावी बनाना है। सचिव डा.एस.पी. पाठक ने कहा कि टीबी रोगियों के लिए उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मरीजों को गोद लेने की योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत आमजन, अधिकारी एवं सामाजिक संगठन टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार एवं पोषण में सहयोग कर सकते हैं। गोद लिए गए मरीजों को नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके। क्षय रोग अधिकारी डा.आर.एन. सोनी ने बताया कि टीबी एक पूर्ण रूप से उपचार योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज नियमित रूप से दवाओं का सेवन करें और पर्याप्त पोषण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पोषण पोटली जैसी पहल मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विभाग का लक्ष्य प्रत्येक मरीज को दवा के साथ-साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है, ताकि वह जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सके। बताया कि जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय विशेष टीबी खोज अभियान का दूसरा चरण संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत उच्च जोखिम वाली आबादी की विशेष स्क्रीनिंग और जांच की जा रही है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, कुपोषित लोग, टीबी रोगियों के संपर्क में रहने वाले लोग, मधुमेह एवं एचआईवी से ग्रसित मरीज तथा धूम्रपान एवं शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है। अभियान अंतर्गत चिन्हित ग्रामों में शिविर लगाकर एक्स-रे जांच और उपचार की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना, वजन कम होना, लगातार बुखार, सीने में दर्द, शरीर में गांठ, रात में पसीना आना, अत्यधिक थकान, बलगम में खून आना और लगातार बलगम वाली खांसी टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच करानी चाहिए। जिला क्षय रोग अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि टीबी की जांच एवं उपचार जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है। किसी भी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र में जांच अवश्य कराएं। इस दौरान जिला क्षय रोग नियंत्रण केन्द्र के पीपीएम आदर्श श्रीवास्तव, डीपीसी शिवराम सिंह, डीपीटीसी मनोज गुप्ता सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button