ललितपुर
वर्षा ऋतु से पूर्व आपदा प्रबंधन टीम ने चलाया जनजागरूकता अभियान
वज्रपात, अतिवृष्टि, सर्पदंश, अग्निकांड एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव की दी जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा नागरिक सुरक्षा टीम द्वारा वर्षा ऋतु से पूर्व आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों को वज्रपात, अतिवृष्टि, सर्पदंश, अग्निकांड तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। आमजन को बताया गया कि आपदा की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए आवश्यक संपर्क सूत्रों एवं समन्वय व्यवस्था के बारे में भी जानकारी साझा की गई। टीम द्वारा लोगों को जागरूक किया गया कि किसी भी दुर्घटना अथवा आपदा की सूचना तत्काल संबंधित विभागों एवं आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, जिससे समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं नागरिक सुरक्षा टीम के सदस्यों ने नगर पालिका क्षेत्र के बड़े नालों, जलभराव संभावित क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जोखिमों को देखते हुए आपदा मित्रों एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, युवाओं में बढ़ती अवसाद (डिप्रेशन) की समस्या तथा आत्महत्या की प्रवृत्तियों को रोकने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने समाज के विभिन्न वर्गों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पडऩे पर परामर्श एवं सहायता लेने का आह्वान किया। इस दौरान आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को आपदा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली एवं आपदा के समय समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना एवं समन्वय से आपदाओं के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रमोद सक्सेना, राजेश श्रीवास्तव, संजय सिंह, जुबेर आलम, सुरेंद्र सेन, पवन कुमार, अमन साहू, मधु वंदना तिवारी, विजय, पुष्पेंद्र, रामगोपाल, अनिकेत पटेल सहित जिला आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा टीम सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



