विशेष शिविरों का जिला परिषद अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, प्रमाण पत्र शीघ्र निर्गत करने का दिया निर्देश
Zila Parishad President inspected special camps and directed that certificates be issued promptly.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने मंगलवार को जिले की विभिन्न पंचायतों में संचालित विशेष शिविरों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा लाभुकों से भी संवाद कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जिला परिषद अध्यक्ष ने शिविरों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी योग्य आवेदकों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से विशेष रूप से कहा कि प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति का नाम एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया में प्रमाण पत्र के अभाव में छूटने की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही शिविरों में आने वाले लोगों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पंचायतों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जिला परिषद अध्यक्ष ने शिविरों के संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।


