मथुरा
मथुरा जंक्शन पर सचखंड एक्सप्रेस में तलवार से हमले में युवक घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सचखंड एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ निहंग सरदारों ने एक यात्री पर तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शहर के थाना यमुनापार, अयोध्या नगर निवासी गोविंद शर्मा ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी अंजना शर्मा को ग्वालियर में दवा लेने जाने के लिए सचखंड एक्सप्रेस में बैठाने आया था। ट्रेन में पहले से बैठे कुछ यात्रियों से उन्होंने पत्नी के बैठने के लिए थोड़ी जगह देने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर निहंग सरदारों ने तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जीआरपी के मुताबिक घायल का चिकित्सीय परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है।



