जंगल में सज रही थी साइबर ठगी की पाठशाला, पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को दबोचा
A 'school' for cyber fraud was being run in the forest; police nabbed three cyber criminals.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह एवं शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर नवाडीह निवासी सनातन दास (30) और पसोई निवासी नितेश दास (22) को गिरफ्तार किया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के निकट छापेमारी कर लोहरबंधा निवासी सिराज अंसारी (26) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सनातन दास और नितेश दास गूगल पर यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना फर्जी नंबर डालकर लोगों को झांसे में लेते थे। वहीं सिराज अंसारी खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड बंद होने अथवा नया कार्ड जारी कराने के नाम पर लोगों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करता था। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 36/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।



