जिलाधिकारी ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित “लर्निंग बाय डूइंग” कार्यक्रम की करी समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। डीएम अविनाश सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में प्रधानमंत्री श्री (पीएम श्री) योजना के अंतर्गत संचालित “लर्निंग बाय डूइंग” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की। बैठक में 49 तकनीकी अनुदेशकों के नवीन चयन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए चयन प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है, इसलिए योग्य और दक्ष अभ्यर्थियों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बैठक में चयन प्रक्रिया की विभिन्न औपचारिकताओं, पात्रता मानकों और कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा योजना के उद्देश्यों को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



