ललितपुर

महिला सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

एसपी ने महिला थाने का किया औचक निरीक्षण

मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क और महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाएं परखी
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने शुक्रवार को महिला थाना का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर, कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क तथा महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन किया। अभिलेख व्यवस्थित एवं अद्यतन पाए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए उनके नियमित रख-रखाव के निर्देश दिए। इसके बाद थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आगंतुकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया और परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर बल दिया। एसपी ने मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता और शिकायत निस्तारण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रख-रखाव व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया गया। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं से फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने और वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने महिला हेल्प डेस्क के अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button